- नमामी गंगे के तहत बनी पानी की टंकी आधे गांव में कर रही पानी की सप्लाई

राठ—— एक साल पहले नमामि गंगे योजना के अंतर्गत जलालपुर थाना क्षेत्र के हरसुंडी गांव में बनाई गई पानी की टंकी से आधे गांव में सप्लाई हो रही है। जबकि आधे गांव के लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों ने ठेकेदार से लेकर अधिकारियों से शिकायत की लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की।
बताते चलें कि प्रदेश सरकार द्वारा किसी परिवार को पेयजल की समस्या न होने के लिए तमाम प्रकार की योजनाएं संचालित कर रही है। लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से योजनाओं पर पानी फिरता नजर आ रहा है। हाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को शुद्ध पेयजल मुहैया कराने का मिशन जारी है। लेकिन जलालपुर थाना क्षेत्र के हरसुंडी गांव में पानी की टंकी के निर्माण के बाद भी आधे गांव के लोगों को शुद्ध पेयजल का लाभ मिल रहा है। जबकि आधे गांव के लोग शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे हैं। अरविंद राजपूत, भवानीदीन राजपूत, देवपाल, प्रदीप , बृजेंद्र, अजयपाल, राम लखन, रोहित आदि ग्रामीणों ने बताया कि गांव में शुद्ध पेयजल के लिए गत वर्ष अमृत सरोवर तालाब के पास नमामि गंगे योजना के अंतर्गत पानी की टंकी बनाई गई और पूरे गांव में पानी सप्लाई के लिए पाइपलाइन बिछाई गई। लेकिन दलित बस्ती, बाजार और पंचायत भवन सहित आधे गांव के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। जिससे वह लोग निजी एवं सरकारी हैंडपंप का पानी पीकर जीवन यापन कर रहे हैं। शुद्ध पेयजल से वंचित ग्रामीणों ने ठेकेदार से लेकर अधिकारियों को कई बार शिकायत की। लेकिन समस्या दूर नहीं हो सकी। ग्रामीणों ने शासन को पत्र के माध्यम से अवगत कराकर पानी की समस्या को दूर करने की मांग की।
