Site icon SAMRIDDH BHARAT NEWS

अम्बेडकरनगर: मुबारकपुर में 400 केवीए क्षमता के लगे तीन नए ट्रांसफाॅर्मर

टांडा

(अंबेडकरनगर)। लंबे समय से लोवोल्टेज की समस्या से जूझ रहे मुबारकपुर मोहल्ले की करीब 10 हजार आबादी को निजात मिल गई। करीब 45 लाख रुपये खर्च कर विभाग ने मोहल्ले में 250-250 केवीए के लगे तीन ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि कर दी है।तीनों स्थानों पर अब 400-400 केवीएम क्षमता का ट्रांसफाॅर्मर लगा दिए गए हैं। ऐसे में अब इस क्षेत्र के उपभोक्ताओं को सुचारु बिजली का लाभ मिलेगा।

मुबारकपुर मोहल्ले के वार्ड संख्या 12 के लोगों को इस गर्मी लोवोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिल गई है। मोहल्ले के लोग कई वर्ष से ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग कर रहे थे। उपभोक्ताओं का कहना था कि ट्रांसफाॅर्मर की क्षमता कम होने के चलते अक्सर इसमें गड़बड़ी होती रहती है साथ ही लोवोल्टेज का संकट भी बना रहता है। इससे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं की इस समस्या को दूर करने के लिए विभाग ने इस बार तत्परता दिखाई।

तीन स्थानों पर विभाग ने 400 केवीए क्षमता का ट्रांसफाॅर्मर लगा दिया। पिछले दो दिनों से चल रहे इस कार्य को सोमवार को पूरा कर लिया गया। ट्रांसफाॅर्मर बदलने के दौरान मोहल्ले की बिजली भी गायब रही। सभासद प्रतिनिधि अब्दुल मजीद, मोहम्मद खालिद व पंकज मद्धेशिया ने विभाग के इस प्रयास की सराहना की। कहा कि इस गर्मी उपभोक्ताओं को लोवोल्टेज व ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिलेगी। सुचारु बिजली मिलने से अन्य समस्याओं का समाधान होगा।

उधर अवर अभियंता संजय यादव ने बताया कि मुबारकपुर मोहल्ले के वार्ड संख्या 12 में लगे तीन ट्रांसफाॅर्मरों की क्षमता वृद्धि की गई है। नगर के अन्य मोहल्ले में भी जो ट्रांसफाॅर्मर ओवरलोड हैं उन्हें चिह्नित किया गया है। जल्द ही उनकी भी क्षमता में वृद्धि की जाएगी।

Exit mobile version