Site icon SAMRIDDH BHARAT NEWS

ढोल-नगाड़े की धुन में भूत-पिशाचों संग निकलेगी भोले की बरात

बिंदकी। शिवरात्रि के चलते मंदिरों में रंगाई-पुताई के साथ-साथ साज-सज्जा का काम गुरुवार देर शाम तक चलता रहा। बिंदकी नगर में शिवरात्रि के अवसर पर ढोल-नगाड़ों की धुन में भूत-पिशाचों के रूप में सजे बरातियों के साथ भगवान शिव बरात की शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा खजुहा रोड में नहर के किनारे स्थित शिव मंदिर से शुरू होकर मुगल रोड होते हुए पूरे नगर में भ्रमण करेगी।
नगर के गांधी चौराहा स्थित सिद्धेश्वर धाम बाबा कुटी मंदिर में रंगाई-पुताई के साथ साज-सज्जा का काम देर शाम तक चलता रहा। बाबा कुटी मंदिर में शुक्रवार को भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर में देर शाम भगवान शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण, मां काली और वीर हनुमान की भव्य झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसी प्रकार मीरखपुर स्थित डूंडेश्वर मंदिर, महाजनी गली स्थित प्राचीन शिव मंदिर, ललौली रोड स्थित कैलाश मंदिर, जय गुरुदेव मंदिर में भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्था संभालने वालों में शिव शंकर शुक्ला, महेश लोहिया, नीरज लोहिया, विभु शुक्ला, राजू शर्मा, सूरज बली विश्वकर्मा सहित दर्जनों शिवभक्त देर शाम तक तैयारियों में डटे रहे।

Exit mobile version