Uncategorizedअन्य खबरेताज़ा ख़बरें

अम्बेडकरनगर: अकबरपुर बाईपास से मालीपुर तक बनेगी फोरलेन

अंबेडकर नगर। अकबरपुर से मालीपुर होते हुए जौनपुर जनपद के शाहगंज होते हुए लगभग 45 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग का निर्माण 1653 करोड़ से होगा। इसमें अकबरपुर नगर में बाईपास भी शामिल है।फोरलेन का निर्माण जिले में करीब 25 किमी में होगा। इसके साथ ही टांडा से रायबरेली तक जाने वाले नेशनल हाईवे का भी 190 करोड़ की लागत से विधिवत सुदृढ़ीकरण होगा। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को जौनपुर व रायबरेली में आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में दोनों कार्यों का शिलान्यास किया।

परिवहन के क्षेत्र में शुक्रवार को जनपदवासियों को बड़ी सौगात मिली। पूर्व में तय हुई कार्ययोजना के अनुसार अकबरपुर से शाहगंज होते हुए जौनपुर व वाराणसी तक फोरलेन मार्ग का निर्माण तीन अलग-अलग चरण में होना है। इनमें से एक चरण के कार्यों का शिलान्यास शुक्रवार को जौनपुर में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने किया। इसमें शाहगंज से कलान, मालीपुर होते हुए अकबरपुर नगर तक फोरलेन निर्माण शामिल है। इसी में अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर ग्लोबल विजडम स्कूल के निकट से होकर मालीपुर रोड तक बाईपास का निर्माण भी जुड़ा है। बाईपास को मिलाकर कुल 44.5 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग का निर्माण होगा। अकबरपुर नगर में इस बाईपास के निर्माण से नगर के बाहर रिंगरोड की प्रक्रिया लगभग पूरी हो जाएगी। क्योंकि अयोध्या मार्ग से होकर सुल्तानपुर मार्ग तक सीधे कोई जुड़ाव नहीं था। अब कुल 1653 करोड़ की लागत से पूरा निर्माण होने से न सिर्फ स्थानीय लोगों वरन बाहरी यात्रियों को भी व्यापक लाभ हासिल होगा।

जिला प्रशासन ने कई बार की थी हाईवे ठीक कराने की मांग

उधर रायबरेली पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने टांडा से अकबरपुर व सुल्तानपुर होते हुए रायबरेली तक के 140 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया। यह मार्ग हद दर्जे तक क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिला प्रशासन ने भी इसके लिए कई बार एनएचएआई को पत्र लिखा था। एमएलसी हरिओम पांडेय ने भी पत्र भेजकर निर्माण पर जोर दिया था। अब 190 करोड़ की लागत से टांडा से रायबरेली तक मार्ग का सुदृढ़ीकरण होगा। दरअसल नेशनल हाईवे के निर्माण के बाद से ही सड़क क्षतिग्रस्त होने लगी थी। दो बार मरम्मत के बाद भी स्थिति जस की तस हो गई। अब ऐसे में विधिवत मरम्मत का निर्णय निश्चित रूप से लोगों को आने वाले दिनों में लाभ प्रदान करेगा।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!