
पीलीभीत। किराना व्यापारी के घर बंधक बनाकर हुई चोरी के मामले में पुलिस अभी तक घटना का खुलासा नहीं कर सकती है। नवागत एसपी ने चार्ज लेने से पहले ही किराना व्यापारी के यहां पहुंचकर जानकारी जुटाई। उन्होंने पीड़ित परिवार को जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
रमपुरा ता. महाराजपुर में हाईवे पर स्थित किराना व्यापारी सुनील गुप्ता के घर पर 30 जनवरी की देर रात डकैतों ने परिवार को बंधक बनाकर 40 लाख की नकदी व आभूषण लूटने की घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने इस मामले में अज्ञातों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की थी। आईजी राकेश सिंह सहित अधिकारियों ने घटना के खुलासे के निर्देश दिए थे, लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी घटना का खुलासा नहीं हो सका। हालांकि पुलिस ने कई को पकड़कर उनसे पूछताछ भी की। लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। पूछताछ तक पुलिस की कार्यवाही सीमित रह गई। घटना की खुलासे के लिए पुलिस हवा में तीर चला रही है। बुधवार की देर शाम एसपी अतुल शर्मा का स्थानांतरण कर दिया गया। गुरुवार से नवागत एसपी अविनाश पांडे जिले पीलीभीत पहुंचे। उन्होंने चार्ज लेने से पहले डकैती कांड के पीड़ित किराना व्यापारी के घर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की। इसके बाद परिवार से हर पहलू की जानकारी जुटाकर क्राइम सीन को बारीकी से देखकर पड़ोस के दुकानदारों से पूछताछ की। उन्होंने किराना व्यापारी को जल्द घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। साथ ही घटनास्थल का मौका मुआयना कर शीघ्र ही कोतवाली पुलिस को घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। नवागत एसपी का यह एक्शन देख पुलिस महकमे में खलबली मची हुई है। उसके बाद पीलीभीत पहुंचकर उन्होंने अपना पदभार ग्रहण किया।







