Site icon SAMRIDDH BHARAT NEWS

पीलीभीत में बारिश में नदी से निकलकर कलक्ट्रेट परिसर में पहुंचा मगरमच्छ, मचा हड़कंप

पीलीभीत में शनिवार को रातभर बारिश होती रही। रविवार सुबह भी बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे नदी-नाले भी उफना गए। शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं बारिश के दौरान एक मगरमच्छ कलक्ट्रेट परिसर में पहुंचा गया, जिससे देखकर लोगों में खलबली मच गई। सूचना मिलने के बाद सामाजिक वानिकी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने रेस्क्यू कर मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर नदी में छोड़ दिया।

रविवार को सुबह करीब आठ बजे बारिश के बीच कलक्ट्रेट परिसर में मगरमच्छ पहुंच गया। रविवार होने के कारण सभी कार्यालय बंद थे। वहां तैनात होमगार्ड ने मगरमच्छ देखा तो खलबली मच गई। परिसर में मगरमच्छ होने की सूचना पर वहां काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए, लेकिन मगरमच्छ अपने स्थान से नहीं हटा। जानकारी होते ही अधिकारियों ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर सामाजिक वानिकी के डिप्टी रेंजर शेर सिंह टीम के साथ पहुंच गए। टीम ने मगरमच्छ को पकड़ा। उसे शहर से दूर ले जाकर नदी में छोड़ दिया गया। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर तुरंत टीम को भेजा गया। मगरमच्छ को रेस्क्यू कर छोड़ दिया गया। बताया गया है कि कलक्ट्रेट के पीछे 300 मीटर दूरी पर खकरा नदी बहती है। नदी में एक नाला भी जाता है। माना जा रहा है कि नाले के जरिए ही मगरमच्छ कलक्ट्रेट में आ गया होगा। 

Exit mobile version