Site icon SAMRIDDH BHARAT NEWS

कुंडा में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप

पीलीभीत। गाजीपुर गांव में बृहस्पतिवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घर में ही कुंडे के सहारे अंगोछा से बनाए गए फंदे से महिला का शव लटकता मिला। जानकारी के बाद मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बहेड़ी क्षेत्र के गांव कुंडरा कोठी निवासी महिला जगदेई (25) की शादी बरखेड़ा क्षेत्र के गांव गाजीपुर कुंडा निवासी हरिओम के साथ हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। चर्चा है कि बुधवार रात मायके जाने को लेकर पति-पत्नी में विवाद हो गया था। बृहस्पतिवार सुबह होने पर पत्नी ने मायके जाने के लिए रुपये मांगी। इसपर पति रुपये लाने की बात कहकर बरखेड़ा चला गया। कुछ देर बाद घर लौटा तो कमरे से बच्चों के रोने की आवाज सुनाई दी। इसपर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। दरवाजा तोड़ा तो पत्नी का फंदे से शव लटका मिला। जानकारी के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। पति ने घटना की जानकारी ससुराल वालों को दी। कुछ समय बाद ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। 

उन्होंने पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाते हुए बरखेड़ा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। घटना से संबंधित साक्ष्य जुटाने के बाद पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में तहरीर नहीं मिली है।

Exit mobile version