Site icon SAMRIDDH BHARAT NEWS

स्टाफ नर्सों ने प्राचार्य कक्ष घेर दिया धरना

स्टाफ नर्सों ने प्राचार्य कक्ष घेर दिया धरना

सद्दरपुर (अंबेडकरनगर)। ड्यूटी लगाने में नए नियम लागू करने तथा प्राचार्य द्वारा दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर की स्टॉफ नर्सों ने मंगलवार दोपहर जमकर हंगामा किया। दोपहर दो बजे के बाद वे प्रशासनिक भवन में धरने पर बैठ गईं। हालात को बिगड़ते देख पुलिस को वहां पहुंचना पड़ा। घंटों चले हंगामे के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन को नई व्यवस्था को स्थगित करना पड़ा।
ड्यूटी करने में मनमानी रोकने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में उपस्थिति की नई व्यवस्था लागू कर दी गई। इसमें विभागवार अटेंडेंस को अनिवार्य कर दिया गया, ताकि अन्य कार्यों का हवाला देकर कोई भी कर्मी मनमाने ढंग से इधर उधर न जा सके। आमतौर पर इस निर्णय को व्यवस्था में सुधार के तौर पर देखा गया। लेकिन स्टाफ नर्सों को यह व्यवस्था रास नहीं आई। मंगलवार दोपहर बाद बड़ी संख्या में स्टाफ नर्स इस पर आपत्ति दर्ज कराने प्रशासनिक भवन पहुंचीं। वहां प्राचार्य से मुलाकात की कोशिश में हंगामा खड़ा हो गया।
स्टाफ नर्सों ने अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए धरना शुरू कर दिया। जमकर नारेबाजी करते हुए प्राचार्य कक्ष के बाहर महिलाकर्मी बैठ गईं। हालात बिगड़ते देख अलीगंज थाना प्रभारी शशांक शुक्ल व अन्य पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए। स्टाफ नर्सों को समझाने-बुझाने का प्रयास हुआ लेकिन बात नहीं बनी। बाद में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने उपस्थिति दर्ज करने के नए आदेश को फिलहाल स्थगित कर दिया। इस दौरान करीब चार घंटों तक स्टाफ नर्सों का हंगामा चला।
कक्ष में कैद हो गए प्राचार्य वरिष्ठ चिकित्सक
स्टाफ नर्सों द्वारा प्राचार्य कक्ष के बाहर हंगामा करने से प्राचार्य व अन्य वरिष्ठ चिकित्सक बाहर नहीं निकल पाए। कई घंटे तक बंधक जैसे हालात बने रहे। मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा गार्डों ने इस दौरान जहां मोर्चा संभाले रखा तो वहीं अलीगंज पुलिस ने महिला पुलिस कर्मियों को भी तैनात कर दिया। शाम होते होते माहौल शांत हुआ तब जाकर प्रशासन ने राहत की सांस ली।

Exit mobile version