Site icon SAMRIDDH BHARAT NEWS

मजदूरों के हक पड़ रहा डांका, जेसीबी से तालाब खुदाई को लेकर शिकायत

मजदूरों के हक पड़ रहा डांका, जेसीबी से तालाब खुदाई को लेकर शिकायत
तालाब में खुदाई करती जेसीबी मशीन

लालगंज, प्रतापगढ़। विकासखण्ड लालगंज के ग्राम पंचायत कोटवा शुकुलपुर में रात्रि में जेसीबी मशीन से तालाब खुदवाने को लेकर ग्रामीणों ने शासन व प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज करायी है। ग्रामीणों के मुताबिक तालाब की खुदाई जेसीबी से प्रधान के द्वारा करवायी जा रही थी। ग्रामीणों का आरोप है कि मनरेगा मजदूरों के हक पर प्रधान डांका डालकर जेसीबी मशीन से तालाब खुदवाकर सरकारी धन में खेल कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक ग्राम पंचायत कोटवा शुकुलपुर में मनरेगा के तहत तालाब की खुदाई करायी जा रही हैं। इसके तहत दिन में छः-सात मजदूर खुदाई के कार्य मे लगे हुए है। शिकायतकर्ता ग्रामीणों का कहना है कि बीती सत्ताईस जून की रात्रि एक बजे इसी तालाब पर प्रधान द्वारा जेसीबी मशीन से सुबह पांच बजे तक खुदाई का कार्य कराया गया। रात में जेसीबी से तालाब की खुदाई की भनक ग्रामीणों को लगी। इस पर तालाब की खुदाई में नियमों की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया। आरोप है कि ग्रामीणों के विरोध जताने पर ग्राम प्रधान देवनाथ पाण्डेय ग्रामीणों को धमकाने पर उतर आये। प्रधान की मनमानी को लेकर ग्रामीणों ने जिले के डीएम तथा सीडीओ व मुख्यमंत्री को ऑनलाइन शिकायत दर्ज करायी है। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने खण्ड विकास अधिकारी व तहसीलदार लालगंज को भी शिकायती पत्र सौंपा है। ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार धीरेन्द्र प्रताप सिंह ने राजस्व टीम को जांच के आदेश दिये है।

Exit mobile version