Site icon SAMRIDDH BHARAT NEWS

अम्बेडकरनगर: ट्यूबवेल पर मिला मजदूर का शव, हत्या की आशंका

टांडा /सुलेमपुर (अंबेडकरनगर)। टांडा कोतवाली क्षेत्र के इस्माइलपुर बेल्दहा गांव के बाहर ट्यूबवेल पर बुधवार सुबह एक युवक का अर्द्धनग्न शव पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
हंसवर थाना क्षेत्र के पूरा चौबे निवासी राजकुमार उर्फ लालजी (35) मजदूरी करते थे। मंगलवार देर शाम जब वह घर नहीं पहुंचे तो परिवारजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास करने के बाद भी उनका पता नहीं चला। इस बीच बुधवार सुबह राजकुमार का शव टांडा कोतवाली क्षेत्र के स्माइलपुर बेल्दहा के निकट एक ट्यूवेल पर पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। इसी बीच युवक के घरवाले भी आ गए और शव की शिनाख्त की। मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया कि डंडे से पीट-पीटकर युवक की हत्या की गई होगी। हालांकि, मृतक के घरवालों ने देर शाम तक पुलिस को तहरीर नहीं दी थी।
थाना प्रभारी दीपक सिंह रघुवंशी ने बताया कि राजकुमार के शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version