Site icon SAMRIDDH BHARAT NEWS

गुरुद्वारे के नजदीक लगाया भिंडरावाले का फ्लैक्स नहीं हटाया, रिपोर्ट दर्ज

पीलीभीत। पूरनपुर असम हाईवे पर गांव रुरिया के समीप खालसा गुरुद्वारे के नजदीक खालिस्तानी समर्थक जरनैल सिंह भिंडरावाले का लगाया गया फ्लैक्स न हटाने पर पुलिस ने गुरुद्वारे की प्रमुख इंद्रजीत कौर खालसा समेत तीन नामजद व अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इस फ्लैक्स में भिंडरावाले को उसके साथियों और शस्त्रों के साथ दिखाया गया है।


गुरुद्वारे के गेट के समीप सड़क किनारे तीन दिन पहले यह फ्लैक्स लगाया गया था। रविवार को सीओ आलोक सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने फ्लैक्स हटवाने का प्रयास किया तो सिख समुदाय के एकत्र हुए लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। इसके चलते पुलिस को लौटना पड़ा था। हालांकि सीओ ने 24 घंटे के अंदर फ्लेक्स को हटाने की चेतावनी दी थी। इसके बाद सोमवार को गुरुद्वारे में सिख समाज के लोगों की बैठक हुई। इसमें चेतावनी दी गई कि अगर पुलिस या प्रशासन फ्लैक्स जबरिया हटवाने की कोशिश करता है तो क्षेत्र के सभी गुरुद्वारों पर यह फ्लैक्स लगवाया जाएगा।


कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि इस मामले में दरोगा प्रदीप कुमार की ओर से गुरुद्वारे की प्रमुख इंद्रजीत कौर खालसा, ग्रंथी जोगिंदर सिंह, प्रधान अमरीक सिंह और अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इन लोगों ने जानबूझ कर धार्मिक स्थल के गेट पर सार्वजनिक स्थल पर फ्लैक्स लगाकर समाज के विभिन्न वर्गों में वैमनस्य पैदा करने की कोशिश की है।

Exit mobile version