कुरुक्षेत्र : जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि लोकसभा आम चुनाव 2024 में कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभा क्षेत्रों से 17 लाख 94 हजार 300 मतदाता अपने मत के अधिकार का प्रयोग करेंगे। इस लोकसभा क्षेत्र में कुरुक्षेत्र जिले में 7 लाख 66 हजार 977 मतदाता, कैथल जिले से 8 लाख 19 हजार 284 और रादौर हल्का से 2 लाख 8 हजार 39 मतदाता शामिल है। इस लोकसभा क्षेत्र की 9 विधानसभा क्षेत्रों में 1848 बूथ बनाए गए है।
जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से जारी लोकसभा आम चुनाव के कार्यक्रम के तहत कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से नामांकन के आखिरी दिन तक 38 उम्मीदवारों ने 49 नामांकन दाखिल किए थे, इन नामांकनों में से छंटनी के उपरांत 4 नामांकनों को रद्द कर दिया गया है और 34 उम्मीदवारों के नामांकन को स्वीकार किया गया है। अब प्रत्याशी 9 मई को अपने नामांकन वापिस ले सकते है। नामांकन वापिस लेने के उपरांत प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे और 25 मई को मतदान होगा तथा 4 जून को मतों की गणना का कार्य किया जाएगा। कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 195381 मतदाताओं में 94260 महिला और 2 वोट थर्ड जेंडर के है, शाहबाद विधानसभा क्षेत्र में 171257 मतदाताओं में 81648 महिला और 2 थर्ड जेंडर मतदाता है।
उन्होंने कहा कि थानेसर विधानसभा क्षेत्र में 214133 मतदाताओं में 103213 महिला व 3 थर्ड जेंडर तथा पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में 186206 में से 89552 महिला व 4 वोट थर्ड जेंडर के है। इस प्रकार कुरुक्षेत्र जिले में कुल 766977 मतदाताओं में से 3 लाख 68 हजार 673 महिला व 11 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है। उन्होंने कहा कि कैथल की गुहला, कलायत, कैथल व पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में 8 लाख 19 हजार 284 तथा यमुनानगर की रादौर विधानसभा क्षेत्र में 208039 मतदाता है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में 514 जगहों पर 810 बूथ बनाए गए है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र में 85 जगहों पर 201 और शहरी क्षेत्र में 429 जगहों पर 609 बूथ बनाए गए है। जबकि रादौर में 231 और कैथल जिले में 807 बूथ बनाए गए है।
जिला निर्वाचन अधिकारी शांतनु शर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में 85 वर्ष से ज्यादा आयु वर्ग के 24508 मतदाता है, जिसमें कुरुक्षेत्र जिला में 10635 मतदाता, कैथल जिला में 11021 मतदाता और यमुनानगर की रादौर विधानसभा में 2852 मतदाता शामिल है। कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र में 18 व 19 वर्ष के 37142 मतदाता है, पीडब्लयूडी के 16438 और 5522 सर्विस इलेक्टर्स पर्सन के वोट शामिल है।
कुरुक्षेत्र जिला की चारों विधानसभा में बनाए गए है मॉडल पोलिंग स्टेशन
कुरुक्षेत्र जिले की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मॉडल पोलिंग स्टेशन लोकसभा चुनावों के दौरान बनाया गया है। इस प्रकार इस जिले में 4 मॉडल पोलिंग स्टेशन, 4 महिला पोलिंग स्टेशन और 4 पीडब्लयूडी पोलिंग स्टेशन और 4 युवा पोलिंग स्टेशन बनाए गए है। इन सभी पोलिंग स्टेशनों पर इनके नाम के अनरुप स्टाफ की नियुक्ति की गई है।
कुरुक्षेत्र में 24 एफएसटी और 24 एसएसटी टीमों का किया गठन
लोकसभा आम चुनाव-2024 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए प्रशासन की तरफ से 24 फ्लाईंग स्क्वायड टीम, 24 स्टेटिक सर्विलांस टीम, 24 जोनल मजिस्ट्रेट, 67 सेक्टर अधिकारी, वीडियो सर्विलांस टीम, इलेक्शन एक्सपेंडिचर मॉनिटरिंग टीम, वीडियो व्यूईंग टीम, एमसीएमसी टीमें क का गठन किया गया है।
चुनावों से संबंधित टोल फ्री नंबर 1950 पर दर्ज करवाई जा सकती है शिकायत
लोकसभा आम चुनाव 2024 को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से टोल फ्री नंबर 1950 के लिए कंट्रोल रुम स्थापित कर दिया गया है। इस टोल फ्री नंबर पर चुनावों से संबंधित कोई भी शिकायत दर्ज करवा सकते है और कोई भी जानकारी ले सकते है। इसके अलावा सी-विजिल एप पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवा सकते है।
