Site icon SAMRIDDH BHARAT NEWS

रामनगर घटना : साप्ताहिक बाजार में पेड़ गिरने से 2 महिला की मौत तथा अन्य 36 व्यक्ति घायल

शिवम यादव की रिपोर्ट
मंडला – मंगलवार की शाम को रामनगर में हुई पेड़ गिरने की घटना में 2 महिला की मृत्यु हुई है तथा अन्य 36 व्यक्ति घायल हुए हैं जिनमें 7 गंभीर रूप से तथा 29 आंशिक रूप से घायल हैं। गंभीर रूप से घायलों को मेडीकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया जा रहा है, शेष सभी का उपचार जिला चिकित्सालय मंडला में किया जा रहा है। घटना में सुक्कोबाई झारिया एवं खुजलो बाई की मृत्यु हो गई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को रामनगर में स्थानीय बाजार का दिन था। शाम करीब 5 बजे तेज आंधी के कारण बड़ा पेड़ गिर गया और भगदड़ हुई। मृतक के परिजनों तथा सभी घायलों को तत्कालिक रूप से आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही पात्र सम्बल हितग्राहियों को आर्थिक सहायता तथा आरबीसी 6-4 के तहत राहत राशि दिया जाना सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर मंगलवार की शाम को रामनगर में हुई घटना के घायलों के उपचार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घायलों से चर्चा करते हुए उनकी कुशलक्षेम पूछी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय के एक्स-रे, सीटी स्केन, ब्लडबैंक, पेथोलॉजी आदि की सेवाएं तत्काल उपलब्ध कराते हुए घायलों को समुचित उपचार प्रदान करें। उन्होंने दवाईयों की उपलब्धता, परिजनों के रूकने एवं भोजन तथा तात्कालिक सहायता प्रदान करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। क्षेत्रीय बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा की घटना की जानकारी लगते ही तत्काल जिला चिकित्सालय व योगिराज हॉस्पिटल मंडला पहुंचकर घायलों से मुलाक़ात की और डॉक्टर्स को अच्छा से अच्छा उपचार देने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने दुख की इस घड़ी में दुखित परिवारों के प्रति संवेदनायें व्यक्त की हैं।

Exit mobile version