
जिला निर्वाचन अधिकारी चौधरी ने कहा कि जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है, अब सीकर के मतदाताओं की बारी है। जिले के सभी मतदाता लोकतंत्र के महापर्व पर मतदान कर अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं जिससे सीकर का मतदान प्रतिशत राष्ट्रीय औसत से अधिक हो। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दिव्यांग व बुजुर्ग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर व वोलेन्टियर की व्यवस्था की जाये, प्रत्येक मतदान केंद्र पर छाया और पानी की अच्छी व्यवस्था हो।
उन्होंने बताया कि जिले में आदर्श मतदान केन्द्रों की तीन श्रेणियां बनाई गई है, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र पर 8 बूथ महिला कार्मिकों द्वारा प्रबन्धित, 8 बूथ युवा कार्मिकों द्वारा प्रबन्धित तथा एक बूथ दिव्यांग कार्मिकों द्वारा प्रबन्धित किया जायेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों के कार्मिकों से आह्वान किया कि वे कर्तव्य निष्ठा से मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र एवं शांतिपूर्वक सम्पन्न करावें। उन्होंने कहा कि मतदान सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का माकूल प्रबन्ध किया गया हैं, इसके लिए सुरक्षा बलों का पर्याप्त डिप्लॉयमेंट किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले भर में 2102 मतदान केंद्र बनाए गए है, जिसमें 285 मतदान केंद्र संवेदनशील है। जिले में कुल 22 लाख 32 हजार 334 मतदाता मतदान में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि 19 अप्रेल को मतदान शांतिर्पूण संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था को भी अंजाम दिया गया हैं।
