Site icon SAMRIDDH BHARAT NEWS

आवारा सांड के हमले से घायल पालीटेक्निक छात्र की इलाज के दौरान मौत

पाली,हरदोई। आवारा सांड के हमले से घायल हुए पालीटेक्निक के छात्र की 15 वें दिन कानपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मचा है।
पाली थाने के इनायतपुर गावं निवासी रामनिवास ने बताया कि बीती दो अप्रैल की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसका बेटा धीरज (20) भैंसी नगला गावं से साइकिल पर गेंहू की बोरी लादकर अपने घर वापस आ रहा था। तभी भरखनी-रूपापुर मार्ग पर इनायतपुर की पुलिया के पास तीन चार साँड़ सड़क पर लड़ते हुए धीरज की साइकिल से टकरा गए थे। जिनकी चपेट में आकर धीरज गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसे परिजन इलाज के लिए सवायजपुर सीएचसी ले गए थे। जहां उसका प्राथमिक उपचार हुआ था। जिसके बाद उसी दिन परिजन धीरज को घर वापस ले आये थे। रात में फिर धीरज की तबियत खराब हो गई थी। जिसके बाद परिजन उसे फर्रूखाबाद ले गए थे। जहां से उसे चिकित्सकों ने कानपुर के हैलेट हॉस्पिटल रेफर कर दिया था। जहां उसका इलाज चल रहा था। मंगलवार की सुबह साढ़े छह बजे धीरज की मौत हो गई। इसके बाद परिजन बगैर पोस्टमार्टम कराए धीरज का शव लेकर इनायतपुर गावं आ गए।मृतक दो भाइयों में छोटा व अविवाहित था और पॉलिटेक्निक का छात्र था। युवक की मौत से परिजनों का बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया कि मृतक के पिता की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Exit mobile version